गौतमबुद्धनगर: हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही 34 पेटी अवैध शराब पकड़ी, दादरी पुलिस ने ब्रेजा कार समेत दो तस्करों को दबोचा!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना दादरी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हरियाणा मार्का की 34 पेटी अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद की है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक ब्रेजा कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना दादरी पुलिस द्वारा शुक्रवार को चेकिंग अभियान के दौरान दादरी बाईपास स्थित जारचा अंडरपास के पास संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सर्वेश पुत्र मनीराम निवासी ग्राम दैपुरा थाना अटेर जिला भिंड, मध्यप्रदेश तथा निशांत पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम कारेकपुरा थाना अटेर जिला भिंड, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हरियाणा से सस्ती शराब लाकर गौतमबुद्धनगर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई करने की फिराक में थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से बरामद शराब हरियाणा मार्का की है, जिसे बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा था। बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर थाना दादरी में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना दादरी पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 0226/2026 धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा शराब की खेप कहां सप्लाई की जानी थी।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी और अपराध पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।।
