शुक्रवार, 22 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: श्रमिक आंदोलन की आड़ में हिंसा भड़काने की साजिश नाकाम, फेस-2 पुलिस ने वांछित आरोपी अनिल कुमार को दबोचा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: श्रमिक आंदोलन की आड़ में हिंसा भड़काने की साजिश नाकाम, फेस-2 पुलिस ने वांछित आरोपी अनिल कुमार को दबोचा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-2 पुलिस ने श्रमिक आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर कथित रूप से भड़काऊ पोस्ट और वीडियो प्रसारित कर माहौल खराब करने के आरोप में एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से आंदोलन को उग्र बनाने और सड़क जाम जैसी गतिविधियों के लिए लोगों को उकसाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मदरसन कंपनी के पीछे स्थित हनुमान मंदिर के पास से आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया, जिसका इस्तेमाल कथित रूप से सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो प्रसारित करने में किया गया था।

जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर एक प्रोपेगेंडा वीडियो और पोस्ट वायरल की जा रही थी, जिसमें आरोपी अनिल कुमार को यूपी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का ड्राइवर बताया गया था। पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक और झूठा करार दिया है। पुलिस के मुताबिक अनिल न तो कोई सरकारी कर्मचारी है और न ही वह कभी किसी पुलिस अधिकारी का ड्राइवर रहा है। वह दिल्ली में एक निजी संस्था से जुड़े व्यक्ति का प्राइवेट ड्राइवर है।

पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि अनिल कुमार का वर्तमान में रिचा ग्लोबल कंपनी से कोई संबंध नहीं है। हालांकि वह करीब दो वर्ष पहले कंपनी में कर्मचारी रह चुका है। पुलिस का कहना है कि कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा मजदूर आंदोलन की आड़ में हिंसा फैलाने की साजिश रची जा रही थी और उसी के तहत अनिल को एक सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़ा गया था।

वायरल पोस्ट में कथित तौर पर “मोदी आ रहा है, बाईपास के उद्घाटन के लिए पूरा रोड जाम कर देना चाहिए” जैसे संदेश प्रसारित किए गए थे, जिनके जरिए लोगों को उकसाने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि इन पोस्टों के संबंध में कई अहम सुराग मिले हैं और पूरे मामले की गहन विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार पुत्र ब्रह्मपाल निवासी ग्राम मुक्तेशरा थाना बाबूगढ़ छावनी जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। वर्तमान में वह थाना फेस-2 क्षेत्र के नया गांव में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी की उम्र 32 वर्ष बताई गई है और वह पांचवीं तक शिक्षित है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें वर्ष 2023 में हापुड़ नगर थाने में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होना भी शामिल है। फिलहाल थाना फेस-2 पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया नेटवर्क तथा अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।