गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश, नॉलेज पार्क पुलिस ने दो शातिर बदमाश दबोचे!!
15 चोरी के मोबाइल फोन, अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, दिल्ली से आकर करते थे वारदात
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 15 चोरी के मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हुई मोबाइल चोरी की कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 21 मई 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस टीम द्वारा गुर्जरपुर अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी के मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद हुए। इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गुलाम बिलाल पुत्र मोहम्मद शब्बीर निवासी तुगलकाबाद एक्सटेंशन, थाना गोविंदपुरी, साउथ दिल्ली तथा रविन्द्र कुमार पुत्र उपेन्द्र सिंह निवासी तुगलकाबाद, साउथ दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और चोरी किए गए मोबाइल फोन को बेचकर अवैध कमाई करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 चोरी के मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर DL 3S EG 6613 बरामद की है। बरामद मोबाइल विभिन्न कंपनियों के बताए जा रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इनके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस संबंध में थाना नॉलेज पार्क पर मु0अ0सं0 103/2026 धारा 317(5)/345(3) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पूर्व में दर्ज मोबाइल चोरी के मुकदमे मु0अ0सं0 102/2026 से भी आरोपियों का संबंध पाया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और चोरी के अन्य मामलों के खुलासे की भी संभावना है। थाना नॉलेज पार्क पुलिस की इस कार्रवाई को मोबाइल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।।
