मंगलवार, 12 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 25 किलो की चोरी की ब्रास हाथी मूर्ति के साथ शातिर चोर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 25 किलो की चोरी की ब्रास हाथी मूर्ति के साथ शातिर चोर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के थाना सेक्टर-39 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की एक कीमती ब्रास धातु की हाथी की मूर्ति के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 25 किलो वजन की हाथी की मूर्ति और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम द्वारा जेपी फ्लाईओवर के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्रास धातु से बनी हाथी की एक भारी मूर्ति बरामद हुई, जिसका वजन लगभग 25 किलो बताया गया है। पूछताछ में पता चला कि यह मूर्ति चोरी की है और थाना सेक्टर-39 में दर्ज मुकदमे से संबंधित है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीन मौहम्मद उर्फ दीनू पुत्र बुन्दू खां निवासी नूर गार्डन कॉलोनी, थाना लिसाड़ी गेट जनपद मेरठ के रूप में हुई है। वर्तमान में वह सेक्टर-93 स्थित एसके-2 इलाके में रह रहा था। आरोपी की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। इस मामले में थाना सेक्टर-39 नोएडा में मु0अ0सं0 207/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किसी बड़े चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले बदमाशों में हड़कंप मच गया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कानून व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी हुई है।।