मंगलवार, 12 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: घरों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों की नकदी और चोरी का सामान बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: घरों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों की नकदी और चोरी का सामान बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 28 हजार रुपये नकद, करीब 15.08 ग्राम पीली धातु की गांठ, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी लंबे समय से बंद पड़े मकानों की रेकी कर रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 की रात थाना सेक्टर-20 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकिल पुत्र अख्तर को जीआईपी गेट नंबर-02 के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की नकदी, जेवरात से संबंधित पीली धातु की गांठ, लोहे का रिंच, संडासी और अवैध चाकू बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर 8 मार्च 2026 की रात सेक्टर-29 स्थित एक मकान का ताला तोड़कर घर के अंदर से नकदी और गहनों की चोरी की थी। इस मामले में थाना सेक्टर-20 में पहले से मुकदमा दर्ज था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ बंद पड़े घरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में नई धाराओं की बढ़ोतरी की गई है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी आकिल दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2020 और 2021 में उस पर चोरी और लूट की कई वारदातों में मुकदमे दर्ज हुए थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। थाना सेक्टर-20 पुलिस की इस कार्रवाई को नोएडा में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।।