मंगलवार, 5 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: सेक्टर-24 पुलिस ने 2 शातिर गिरफ्तार, 12 चोरी के वाहन व अवैध हथियार बरामद!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: सेक्टर-24 पुलिस ने 2 शातिर गिरफ्तार, 12 चोरी के वाहन व अवैध हथियार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाहन चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें, 2 स्कूटी और 2 अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 04 मई 2026 को सेक्टर-11 टी ब्लॉक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अनीकेत उर्फ अंकित (24 वर्ष) और रतन सिंह उर्फ रवि (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों में सक्रिय थे।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद ये वाहन सेक्टर-54 के जंगल और झाड़ियों में छिपाकर रखे जाते थे। बाद में इन्हें जरूरतमंद लोगों को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था और पैसा आपस में बांट लिया जाता था।

अवैध हथियार भी रखते थे साथ
आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी के दौरान पकड़े जाने के डर से वे अपने पास अवैध चाकू रखते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर खुद को बचा सकें।

लंबा आपराधिक इतिहास
दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, अवैध हथियार और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से अनीकेत उर्फ अंकित पर 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रतन सिंह उर्फ रवि पर भी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।

बरामद वाहनों की सूची
पुलिस ने आरोपियों के पास से KTM, Hero Splendor, Honda Shine, TVS Apache, TVS Raider सहित कुल 10 मोटरसाइकिलें और 2 स्कूटी बरामद की हैं, जिनमें कुछ पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के नंबर प्लेट लगे हैं, जबकि एक बाइक बिना नंबर प्लेट के भी मिली है।

पुलिस की बड़ी कामयाबी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। साथ ही, बरामद वाहनों के असली मालिकों की पहचान कर उन्हें जल्द ही सुपुर्द किया जाएगा।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।।