मंगलवार, 5 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत: ज्यादा से ज्यादा मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर, जनपद न्यायाधीश ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत: ज्यादा से ज्यादा मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर, जनपद न्यायाधीश ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 05 मई 2026।
दो टूक//जनपद गौतम बुद्ध नगर में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से आज न्यायालय परिसर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने की, जिसमें न्यायिक अधिकारियों को अधिकतम वादों के निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

माननीय जनपद न्यायाधीश ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का आपसी सुलह-सहमति के आधार पर त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पक्षकारों को समय से पूर्व सूचना देकर उन्हें लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि इस पहल का अधिकतम लाभ आमजन को मिल सके।

बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसील न्यायालयों में किया जाएगा। इसमें मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम, वैवाहिक विवाद, दीवानी वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, एमवी एक्ट एवं ई-चालान, आर्बिट्रेशन मामले, लघु शमनीय अपराध, धारा 138 एनआई एक्ट, विद्युत अधिनियम, भू-राजस्व, सेवा एवं पेंशन, श्रम मामलों सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण, बिजली बिल और बीएसएनएल बिल जैसे मामलों को भी आपसी समझौते के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में न्यायिक अधिकारियों से कहा गया कि वे लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस वैकल्पिक न्याय व्यवस्था का लाभ उठा सकें। लोक अदालत के माध्यम से न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि मामलों का शीघ्र और संतोषजनक समाधान भी संभव होता है।

इस अवसर पर प्रथम अपर जिला जज सुनील कुमार, अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, अपर जिला जज पोक्सो अभिषेक पाण्डेय, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम मयंक त्रिपाठी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत सहित जनपद के कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

जनपद में आयोजित होने वाली यह राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन के लिए एक सुनहरा अवसर साबित हो सकती है, जहां वे अपने लंबित मामलों का त्वरित, सरल और सुलभ समाधान प्राप्त कर सकते हैं।।