सोमवार, 18 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, एसीपी-1 प्रवीण कुमार ने पुलिस बल के साथ किया पैदल मार्च!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, एसीपी-1 प्रवीण कुमार ने पुलिस बल के साथ किया पैदल मार्च!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से सोमवार को थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में विशेष फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी/एडीसीपी नोएडा के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।

इस दौरान एसीपी-1 प्रवीण कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में मौजूद लोगों से संवाद भी किया और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

एसीपी-1 प्रवीण कुमार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा चलाए जा रहे इस तरह के अभियान का उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।