शनिवार, 16 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: जनसुनवाई में प्रशासन सख्त: तीनों तहसीलों में लगा संपूर्ण समाधान दिवस, 171 शिकायतें दर्ज, 14 का मौके पर निस्तारण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनसुनवाई में प्रशासन सख्त: तीनों तहसीलों में लगा संपूर्ण समाधान दिवस, 171 शिकायतें दर्ज, 14 का मौके पर निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर में शनिवार को प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनपद भर में कुल 171 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने आमजन को तत्काल राहत प्रदान की। वहीं शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी आशुतोष गुप्ता ने की। यहां कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

इसी क्रम में तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। दादरी तहसील में सबसे अधिक 112 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व, भूमि विवाद, अवैध कब्जों और स्थानीय समस्याओं से संबंधित बताई गईं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 45 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 1 शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

सूचना विभाग सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर के अनुसार, समाधान दिवस के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता दिखाई गई।।