गौतमबुद्धनगर: फर्जी ऑनलाइन पेमेंट दिखाकर इलेक्ट्रॉनिक सामान ठगने वाला शातिर गिरफ्तार, नोएडा पुलिस ने बरामद किए 16 एसी समेत लाखों के उपकरण!!
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-2 पुलिस ने दुकानदारों को फर्जी ऑनलाइन भुगतान का झांसा देकर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 एसी, फ्रिज, कूलर, एलईडी टीवी और नकदी बरामद की है। आरोपी एनसीआर क्षेत्र में दुकानदारों को अपने विश्वास में लेकर ऑनलाइन पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान उठवा लेता था और बाद में फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 मई 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बी.एप.एल कट के पास बंद पड़ी कंपनी से अभियुक्त समीर अंसारी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। यह कार्रवाई थाना फेस-2 में दर्ज मुकदमा संख्या 194/2026 धारा 318(4)/317(2) बीएनएस के सफल अनावरण के तहत की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से दुकानदारों को निशाना बनाता था। वह विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर पहुंचकर खुद को ग्राहक बताता और ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कहता था। इसके बाद वह दुकानदारों को फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट या ट्रांजैक्शन दिखाकर भरोसे में ले लेता था। भुगतान की पुष्टि से पहले ही वह पोर्टर या अन्य माध्यम से एसी, फ्रिज, कूलर और टीवी जैसे महंगे सामान उठवाकर फरार हो जाता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान समीर अंसारी पुत्र मेहराज अंसारी निवासी शास्त्री पार्क, नई दिल्ली तथा वर्तमान निवासी कासिम विहार, ग्राम सबापुर, थाना ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 21 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13 एसी इंडोर यूनिट, 13 एसी आउटडोर यूनिट, 3 विंडो एसी, एक फ्रिज, एक कूलर, एक एलईडी टीवी तथा 2440 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
नोएडा पुलिस अब आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और एनसीआर में की गई इसी तरह की घटनाओं की जांच में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी और धोखाधड़ी के इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है।।
