गुरुवार, 7 मई 2026

गौतमबुद्धनगर :नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह गिरफ्तार, 17 बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर :नोएडा पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह गिरफ्तार, 17 बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस को वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना फेस-1 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 17 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी, 8 चोरी एवं स्नैचिंग के मोबाइल फोन तथा 3 अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 07 मई 2026 को थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और स्थानीय सूचना के आधार पर सेक्टर-8 स्थित एफ-95 के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज उर्फ चीढ़ा, अनिल कुमार उर्फ गोलू और सुशील मिश्रा उर्फ बाबा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी नोएडा के छिजारसी गांव के निवासी बताए गए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी एनसीआर की कॉलोनियों, सोसाइटियों, कंपनियों और पार्किंग स्थलों की पहले रेकी करते थे। इसके बाद मौका मिलते ही खड़ी बाइक और स्कूटी का लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और बाद में उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग जैसी वारदातों में किया जाता था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरोह काफी समय से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था। बरामद वाहनों के संबंध में नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और इनके खिलाफ लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 चोरी की बाइक और स्कूटी, 8 चोरी के मोबाइल फोन तथा 3 अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी चोट माना जा रहा है।।