गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी कामयाबी: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 चोरी के दोपहिया वाहन और अवैध हथियार बरामद!!
ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलताएं हासिल कर रही है। इसी क्रम में थाना दादरी पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एक बड़े वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 09 मोटरसाइकिल, 03 स्कूटी समेत 02 अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 11 मई 2026 को थाना दादरी पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर रूपवास गोलचक्कर के पास विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गौरव पुत्र राजेन्द्र निवासी हरकेशनगर ओखला फेज-2 नई दिल्ली तथा अर्जुन पुत्र जयवीर निवासी ग्राम भगूपुरा थाना अमांपुर, कासगंज हाल निवासी हरकेशनगर ओखला फेज-2 नई दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्तों की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की 12 दोपहिया गाड़ियां बरामद कीं, जिनमें 09 मोटरसाइकिल और 03 स्कूटी शामिल हैं। बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, पैशन, HF डीलक्स, बजाज सिटी 100, एफ-जेड, एक्टिवा और टीवीएस जुपिटर जैसी गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा दोनों आरोपियों के कब्जे से 02 अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बेचने की फिराक में थे। बरामद वाहनों के संबंध में दिल्ली और आसपास के थानों में दर्ज मुकदमों की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी के वाहनों की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जाती थी।
थाना दादरी पुलिस द्वारा की गई इस प्रभावी कार्रवाई को कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा तथा वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।।
