गौतमबुद्धनगर: लुक्सर जेल में विदेशी कैदी की मौत: इलाज के दौरान तोड़ा दम, NDPS केस में कई वर्षों से था बंद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा से एक अहम खबर सामने आई है, जहां लुक्सर जेल में बंद एक विदेशी कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक नाइजीरियन नागरिक बताया जा रहा है, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत कई वर्षों से जेल में निरुद्ध था।
जानकारी के अनुसार, कैदी लंबे समय से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित था और उसकी स्थिति लगातार खराब बनी हुई थी। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे कई बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था। बीती रात तबीयत अधिक खराब होने पर उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह मामला इकोटेक-1 थाना क्षेत्र स्थित लुक्सर जेल का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन हरकत में आ गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारणों की पुष्टि के लिए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और कैदियों के स्वास्थ्य प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।।
