रविवार, 5 अप्रैल 2026

गोण्डा- नवजात के मौत के बाद इटियाथोक के मेट्रो अस्पताल में CMO का छापा, कर्मचारियों से की पूछताछ

शेयर करें:
गोण्डा- इटियाथोक में स्थित मेट्रो अस्पताल में नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अब हरकत में आया है। सीएमओ डाक्टर संतलाल पटेल ने अपनी टीम के साथ उक्त अस्पताल सहित आस पास के कई निजी अस्पतालों और लैब सेंटरों पर रविवार को छापा मारा और जानकारी हासिल की।
बता दे कि सिस‌ऊर अंदूपुर गांव की रजनी को शुक्रवार को प्रसव के लिए इटियाथोक सीएचसी के निकट हरैय्या झूमन स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बिना सूचित किए ऑपरेशन कर दिया गया, जिससे नवजात की मौत हो गई। मृत नवजात के सीने पर जख्म के निशान भी थे। पीड़ित परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इटियाथोक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नवजात की मौत का कारण सांस नली में पानी जाना बताया गया है। वहीं अस्पताल प्रबंधक काजल तिवारी ने मौत का कारण ऑक्सीजन लेवल कम होना बताया है। सीएमओ डाक्टर संतलाल पटेल ने उक्त प्रकरण को संज्ञान लेकर रविवार को मेट्रो अस्पताल और तृषा लैब सेंटर का निरीक्षण किया। साथ ही यहीं पर मौजूद जेपी हॉस्पिटल के प्रबंधक से भी पूछताछ की गई। सीएमओ ने बताया कि सभी अस्पतालों और लैब सेंटरों से जरूरी कागजात मांगे गए हैं। कागज उपलब्ध ना कराने पर संबंधित अस्पताल, लैब सेंटरों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।