मऊ :
संचारी रोग नियंत्रण अभियान का डीपीआरओ ने किया औचक निरीक्षण, गंदगी देख हुए नराज,दी सख्त हिदायत।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद में चल रहे संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र द्वारा विकासखंड परदहाँ के कहिनौर ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला सलाहकार अंकित कुमार सिंह तथा टोली नंबर 4 के समस्त सफाई कर्मी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य गांव में स्वच्छता व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और अभियान की प्रगति की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत में साफ-सफाई का कार्य संतोषजनक पाया गया और नालियों की सफाई भी कराई गई है, जिससे जलभराव की समस्या में कमी आई है। हालांकि, कुछ स्थानों पर झाड़ियां और गंदगी पाई गई, साथ ही इधर-उधर बिखरा प्लास्टिक कचरा भी नजर आया। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल झाड़ियों की कटाई कराने, प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर आरआरसी सेंटर भेजने तथा पूरे क्षेत्र में दृश्यमान स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की गई। जांच में अनियमितता सामने आई, जिसमें पाया गया कि सफाई कर्मी वीणा वादिनी के स्थान पर जितेंद्र तथा मोनिका गुप्ता के स्थान पर अवि गुप्ता द्वारा फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए संबंधित कर्मियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
