रविवार, 19 अप्रैल 2026

मऊ :सीओ ने दोहरीघाट थाने का किया त्रैमासिक निरीक्षण,व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने व क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश।||Mau:The CO conducted a quarterly inspection of the Doharighat police station, giving strict instructions to improve arrangements and increase patrolling in the area.||

शेयर करें:
मऊ  :
सीओ ने दोहरीघाट थाने का किया त्रैमासिक निरीक्षण,व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने व क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने रविवार को थाना दोहरीघाट का त्रैमासिक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली का विस्तृत मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में रखरखाव का बारीकी से जायजा लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण की शुरुआत मालखाना से की गई, जहां रखे गए माल की स्थिति और अभिलेखों का मिलान कराया गया। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मालखाना से संबंधित सभी रिकॉर्ड अद्यतन और व्यवस्थित रखें जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इसके बाद उन्होंने सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए ऑनलाइन डेटा फीडिंग और रिकॉर्ड अपडेट की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी प्रविष्टियां समय से और सही तरीके से दर्ज की जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना समाप्त हो।

महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति आमजन का भरोसा और मजबूत हो सके।

इसके अलावा थाना कार्यालय, भोजनालय और पूरे परिसर की साफ-सफाई का भी गहन निरीक्षण किया गया। उन्होंने साफ-सफाई, अनुशासन और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि व्यवस्थित थाना ही प्रभावी पुलिसिंग की पहचान है। साथ ही सभी रजिस्टरों और अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।क्षेत्राधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से क्षेत्र में नियमित और सघन पुलिस गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए।