गौतमबुद्धनगर: भीमोत्सव में गूंजे समानता और शिक्षा के संदेश, नोएडा में भव्य आयोजन!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 अप्रैल 2026।
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में नोएडा स्थित पुस्तकालय एवं दलित उत्थान सेवा समिति द्वारा “जश्न-ए-भीमोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश के मंत्री असीम अरुण और नोएडा विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री असीम अरुण ने बाबा साहेब के विचारों को आज के समाज में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन हमें समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। शिक्षा को सामाजिक सशक्तिकरण का सबसे मजबूत माध्यम बताते हुए उन्होंने समाज में समरसता बढ़ाने का आह्वान किया।
वहीं विधायक पंकज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “भीमोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और संगठित करने का एक प्रभावी मंच है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बाबा साहेब के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक एकता, जागरूकता और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से झलकती रही।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरण कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।।
