गौतमबुद्धनगर: ग्रामीण युवाओं के लिए सुनहरा मौका: मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना में 10 लाख तक ऋण, 15 मई तक करें आवेदन!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 अप्रैल 2026।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना (MMGRY) के तहत जनपद के युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत इच्छुक युवक-युवतियां 15 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर अपने स्वयं के उद्यम की शुरुआत कर सकते हैं।
यह योजना उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण बैंकों के जरिए उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
अधिकारी ने बताया कि योजना में सामान्य वर्ग के पुरुष लाभार्थियों को पूंजीगत ऋण पर 4 प्रतिशत से अधिक ब्याज की धनराशि (अधिकतम 13 प्रतिशत तक) ब्याज उपादान के रूप में 5 वर्षों तक दी जाती है। वहीं, आरक्षित वर्ग एवं महिला उद्यमियों को पूंजीगत ऋण पर पूर्ण ब्याज (अधिकतम 13 प्रतिशत तक) 5 वर्षों तक अनुदान के रूप में प्रदान किया जाता है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिलती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के तहत केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://mmgrykhadi.upsdc.gov.in पर जाकर KVIB एजेंसी का चयन करते हुए आवेदन कर सकते हैं। वेबसाइट पर योजना से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध हैं।
इसके अलावा, अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, कक्ष संख्या 206 एवं 207, विकास भवन, सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर में संपर्क कर सकते हैं। दूरभाष नंबर 9580503196 एवं 9599355293 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी ग्रामीण युवाओं से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं और अपने साथ-साथ क्षेत्र के विकास में भी भागीदार बनें।।
