लखनऊ :
जाति पूछकर गाड़ी की हवा निकालने वाले दबंग दरोगा की वीडियो वायरल।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कस्बे के एक कॉम्प्लेक्स में गाली-गलौज, गाड़ियों की हवा निकालने और जाति पूछकर अपमानित करने का आरोप, जांच के निर्देश।
विस्तार :
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला एक मामला सामने आया है। सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तैनात दरोगा आनंद राव अंबेडकर पर स्थानीय लोगों के साथ दुर्व्यवहार और दबंगई करने के गंभीर आरोप लगे हैं।कस्बा मोहनलालगंज निवासी आलोक ने आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त दरोगा कस्बे में किराए के मकान में रहकर इलाके में लगातार लोगों को परेशान करता है। आरोप है कि वह एक कॉम्प्लेक्स पर आए दिन लोगों के साथ गाली-गलौज करता है और ग्राहकों की गाड़ियों की हवा तक निकाल देता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दरोगा अक्सर अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और कई बार जाति पूछकर लोगों को अपमानित करता है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने बताया कि इस तरह की हरकतों से आमजन में भय का माहौल बन रहा है।
आलोक ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त दरोगा को पूर्व में मोहनलालगंज थाने से एक किशोरी के साथ अभद्रता के आरोप में हटाया जा चुका है, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ।
शनिवार को मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला तूल पकड़ गया और क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।इस संबंध में इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
(वायरल वीडियो एवं फोटो की पुष्टि दो टूक मीडिया नही करता है)
