शनिवार, 18 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा हिंसा का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: ₹1 लाख का इनामी आदित्य आनंद तमिलनाडु से दबोचा गया!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा हिंसा का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: ₹1 लाख का इनामी आदित्य आनंद तमिलनाडु से दबोचा गया!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने श्रमिक आंदोलन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में नोएडा पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने ₹1,00,000 के इनामी अभियुक्त आदित्य आनंद को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, श्रमिक धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और भड़काऊ गतिविधियों में आदित्य आनंद की अहम भूमिका सामने आई थी। जांच में उसे पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड पाया गया। इस मामले में थाना फेस-2 पर उसके खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका था।

घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कई राज्यों में दबिश दी जा रही थी। कोर्ट द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था।

पुलिस टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और आखिरकार 18 अप्रैल 2026 को तमिलनाडु के तिरुचापल्ली रेलवे स्टेशन से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे श्रमिक आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के मामले में जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।।