शनिवार, 18 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर में संपूर्ण समाधान दिवस: 136 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में संपूर्ण समाधान दिवस: 136 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

तीनों तहसीलों में प्रशासन ने सुनी जनता की समस्याएं, शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 18 अप्रैल 2026। जनपद की तीनों तहसीलों—सदर, जेवर और दादरी—में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 136 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देशों के साथ अग्रेषित किया गया।

तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (भू) बच्चू सिंह ने की। यहां कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जहां 36 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 1 शिकायत का मौके पर समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में सबसे अधिक 93 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के पास भेजते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से आम जनता को एक ही मंच पर अपनी समस्याएं रखने और उनका समाधान पाने का अवसर मिल रहा है।।