मऊ :
थैलेसीमिया से जूझ रहे बच्चों के लिए पत्रकार का पहला रक्तदान मानवता की मिसाल ।।
एक जान बचाना पूरी इंसानियत को बचाने जैसा।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ शहर के मिर्ज़ाहादीपुरा बाइपास रोड स्थित मैक्स हॉस्पिटल के सामने बने मैक्स चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा द्वारा किया गया। उद्घाटन के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में दोपहर 3 बजे से लेकर रात 9 बजे तक लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सैकड़ों यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इस दौरान मऊ शहर के पत्रकार मोहम्मद रेहान ने पहली बार रक्तदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों को हर महीने दो से तीन बार रक्त की आवश्यकता होती है, जो उनके परिवारों के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाती है—खासकर गरीब तबके के लोगों के लिए।
मोहम्मद रेहान ने कुरान की एक आयत का तर्जुमा साझा करते हुए कहा के क़ुरआन पाक में है "जिसने एक इन्सान की जान बचाई उसने पूरी इंसानियत की जान बचाई" उन्होंने कहा के इसी संदेश ने मुझे रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया और समाज के हर सक्षम व्यक्ति को चाहिए के आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें।
उन्होंने आगे कहा कि मासूम बच्चों को बार-बार रक्त चढ़ाना उनकी मजबूरी है, लेकिन समाज यदि साथ दे तो उनकी इस पीड़ा को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसीलिए उन्होंने खुद पहली बार रक्तदान कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
मैक्स चैरिटेबल ब्लड सेंटर के संचालक डॉ. शाहिद जमाल और डॉ. फहमीना फारिदी द्वारा इस ब्लड सेंटर की शुरुआत को भी उन्होंने बेहद सराहनीय बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा।
रक्तदान शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर न सिर्फ थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों बल्कि अन्य मरीजों के लिए भी रक्तदान किया और समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे भी इस तरह के अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जरूरतमंद बच्चों का सहारा बनें।
