लखनऊ :
छात्रवृत्ति में भेदभाव का आरोप, एबीवीपी ने समाज कल्याण अधिकारी को सौंपा ज्ञापन।
दो टूक : बीएएमएस छात्रों ने उठाया असमान वितरण का मुद्दा,अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।।
विस्तार:
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) मोहनलालगंज के पदाधिकारियों व बीएएमएस के छात्रों ने सोमवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार को ज्ञापन सौंपकर छात्रवृत्ति वितरण में हो रही असमानता और प्रशासनिक अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।छात्रों ने बताया कि छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया में गंभीर विसंगतियां सामने आ रही हैं, जिसके चलते कई पात्र छात्र-छात्राएं लाभ से वंचित रह जा रहे हैं। उनका कहना है कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कुछ विद्यार्थियों को उनके द्वारा प्रस्तुत विवरण के आधार पर संबंधित सत्र की छात्रवृत्ति प्रदान कर दी गई है, जबकि समान परिस्थितियों और समान पाठ्यक्रम में अध्ययनरत सामान्य वर्ग एवं अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति नहीं मिल सकी है।छात्रों ने इसे समानता के सिद्धांत के विपरीत बताते हुए प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। उन्होंने मांग की कि सभी वर्गों के विद्यार्थियों को समान रूप से छात्रवृत्ति प्रदान की जाए और लंबित मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए।इस पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित डायरेक्टरेट अधिकारियों से वार्ता कर बीएएमएस छात्रों की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। साथ ही पोर्टल खुलने पर सुधार के लिए अतिरिक्त समय भी उपलब्ध कराया जाएगा।इस दौरान एबीवीपी मोहनलालगंज के नगर मंत्री एवं प्रांत जिज्ञासा सह संयोजक अच्युत मिश्रा, जिला संगठन मंत्री अश्वनी मौर्य, आशीष, आलोक, शौर्य, संदीप समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
