मंगलवार, 14 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में घरेलू सहायिकाओं का प्रदर्शन: पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति शांतिपूर्ण, अफवाहों से बचने की अपील!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में घरेलू सहायिकाओं का प्रदर्शन: पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति शांतिपूर्ण, अफवाहों से बचने की अपील!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 14 अप्रैल 2026।
दो टूक// नोएडा में आज घरेलू सहायिकाओं (मेड) द्वारा वेतन वृद्धि की मांग को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन के मद्देनज़र पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल एवं वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती कर कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्लियो काउंटी, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121 एवं सेक्टर-70 को एक ही घटना स्थल के रूप में चिन्हित किया गया, जहां घरेलू सहायिकाओं ने अपने पारिश्रमिक में बढ़ोतरी की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और स्थिति पूर्णतः सामान्य एवं नियंत्रण में बनी हुई है।

उक्त के संबंध में डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्रीमती शैव्या गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहा है और कहीं भी कानून-व्यवस्था भंग होने की स्थिति नहीं है। पुलिस प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।

इस बीच, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के कोई भी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अराजकता फैलाने या अफवाहें प्रसारित करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से शांति, संयम एवं सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और जनसुविधा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।।