गोण्डा- जनपद के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय हारीपुर में आयोजित जनपद स्तरीय “स्कूल चलो अभियान-2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने आयोजन में प्रतिभाग कर दीप प्रज्वलित तथा माँ सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुभारंभ के दौरान कंपोजिट विद्यालय लक्ष्मणपुर जाट, कंपोजर विद्यालय हारीपुर तथा कंपोजर विद्यालय जमदरा के बच्चों द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों का मनमोह लिया। इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें देशभक्ति, शिक्षा के महत्व तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह और बढ़े। साथ ही, जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले खण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय में शतप्रतिशत बच्चों के नामांकन कराने के उपलक्ष में प्रधानाध्यापकों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सराहनीय योगदान की सराहना का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अध्यापकों को संबोधित करते हुए “स्कूल चलो अभियान” को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिक्षक अभिभावकों से नियमित संपर्क स्थापित करें तथा उन्हें बच्चों को समय से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया। इस आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश गया कि सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान सहायक शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल रामसागर पति त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ रामचन्द्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, वित्त एवं लेखाधिकारी सुदीप पाण्डे, जिला समन्वयक बेसिक शिक्षा विभाग राजेश सिंह, जिला समन्वयक बेसिक शिक्षा विभाग गणेश गुप्ता सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
