शुक्रवार, 29 मई 2026

गाज़ियाबाद: दीवार तोड़ मोबाइल शॉप में घुसे चोर, दो लाख के फोन और एक्सेसरीज़ लेकर फरार!!

शेयर करें:

गाज़ियाबाद: दीवार तोड़ मोबाइल शॉप में घुसे चोर, दो लाख के फोन और एक्सेसरीज़ लेकर फरार!!

!! वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

टीला मोड़ थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात, दुकान मालिक ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार

दो टूक//गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला टीला गांव जवाली मोड़ स्थित “स्टेट आरके एंटरप्राइजेज” मोबाइल शॉप का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने दीवार तोड़कर दुकान में घुसकर करीब दो लाख रुपये के मोबाइल फोन, चार्जर और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित दुकान मालिक राकेश कसाना ने बताया कि रोज की तरह वह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 1 बजे से 2 बजे के बीच चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने दुकान की सीलिंग हटाई और आराम से अंदर रखे नए मोबाइल फोन, रिपेयरिंग के लिए आए मोबाइल, चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो गए।

सुबह जब राकेश कसाना दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान की दीवार टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। घटना की सूचना तुरंत थाना टीला मोड़ पुलिस को दी गई।

पीड़ित ने थाना टीला मोड़ में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके !!