गौतमबुद्धनगर: मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को मिला सहारा: विश्व हिंदू महासंघ व पुलिस की तत्परता से सुरक्षित पहुंची आश्रम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा, 16 अप्रैल 2026
मानव सेवा के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में विश्व हिंदू महासंघ, स्थानीय पुलिस और सामाजिक संस्था “अपना घर आश्रम” की संयुक्त पहल से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को सुरक्षित आश्रय दिलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को रात्रि करीब 9:00 बजे सेक्टर-110 पुलिस चौकी पर राजबाला के माध्यम से सूचना मिली कि एक लगभग 22 वर्षीय महिला, जो अपना नाम डॉ. पूजा कुमारी बता रही थी, मानसिक रूप से अस्थिर अवस्था में इधर-उधर भटक रही है और अपनी सही जानकारी देने में असमर्थ है।
सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए “अपना घर आश्रम” की प्रतिनिधि सोनिया भारद्वाज से संपर्क किया गया। इसके बाद आश्रम की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, चौकी प्रभारी अनुज कुमार तथा मातृशक्ति प्रकोष्ठ की महानगर ब्लॉक अध्यक्ष किरण त्यागी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
महिला की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत थाना फेस-2 में जीडी एंट्री कराई गई। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भंगेल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के बाद रात्रि करीब 12:00 बजे “अपना घर आश्रम” की एम्बुलेंस के माध्यम से महिला को सुरक्षित आश्रम पहुंचाया गया।
इस सराहनीय कार्य में चौकी प्रभारी अनुज कुमार, सोनिया भारद्वाज, महिला कांस्टेबल चंचल, जिला प्रभारी चौधरी तेज सिंह तथा मातृशक्ति महानगर अध्यक्ष किरण त्यागी का विशेष सहयोग रहा।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” के भाव को अपनाते हुए समाज और प्रशासन मिलकर जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर हैं।।
