सोमवार, 6 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: घरेलू सहायक बनकर लाखों की ज्वैलरी चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, लखनऊ एयरपोर्ट के पास दबोची गई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: घरेलू सहायक बनकर लाखों की ज्वैलरी चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, लखनऊ एयरपोर्ट के पास दबोची गई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने घरेलू सहायक के रूप में काम कर चोरी करने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त ₹2 लाख नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 05 अप्रैल 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए रूबी देवी को लखनऊ हवाई अड्डे के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्ता लंबे समय से घरेलू कामकाज के बहाने घरों में प्रवेश कर चोरी की वारदातों को अंजाम देती थी।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पूछताछ में सामने आया कि रूबी देवी की मुलाकात उसकी साथी रेश्मा से दिल्ली में हुई थी। दोनों ने मिलकर जनवरी के अंतिम सप्ताह में सेक्टर-20, नोएडा स्थित एक घर में घरेलू सहायिका बनकर प्रवेश किया और वहां से कीमती ज्वैलरी चोरी कर ली। वारदात के बाद दोनों ने आभूषणों को आपस में बांट लिया।

रूबी देवी ने अपने हिस्से के गहनों को एक अज्ञात व्यक्ति को कम कीमत पर बेच दिया। इस बिक्री से मिली रकम में से ₹2 लाख उसके पास से बरामद किए गए हैं, जबकि बाकी पैसे वह खर्च कर चुकी है।

साथी अभी फरार, तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल दूसरी अभियुक्ता रेश्मा अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले

गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जिनमें विवेक विहार और पंजाबी बाग थाने शामिल हैं।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर में काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को रखने से पहले उसका सत्यापन जरूर कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।।