सोमवार, 6 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: घरेलू गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़: दादरी में अवैध रिफिलिंग गैंग पर छापा, भारी मात्रा में सिलेंडर व उपकरण बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: घरेलू गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़: दादरी में अवैध रिफिलिंग गैंग पर छापा, भारी मात्रा में सिलेंडर व उपकरण बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर, 06 अप्रैल 2026।
जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दादरी क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा पकड़ा, जहां घरेलू सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा था।

प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम के अनुसार, 4 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे थाना दादरी क्षेत्र के नत्थू चौक स्थित तुलसी विहार कॉलोनी में विनय कुमार के मकान पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान मौके से विभिन्न कंपनियों के कुल 13 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें भरे और खाली दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा एक 5 किलोग्राम का नॉन-आईएसआई सिलेंडर और गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन, नोजल युक्त मशीन, रबर पाइप व रेगुलेटर जैसे उपकरण भी जब्त किए गए।

जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से छोटे नॉन-आईएसआई सिलेंडरों में गैस भरकर बेच रहा था। यह न केवल सरकारी नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे गैस की कालाबाजारी बढ़ने के साथ-साथ गंभीर हादसों का खतरा भी बना रहता है।

प्रशासन ने बताया कि यह पूरा मामला द्रवित पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण का विनियमन) आदेश-2000 के उल्लंघन से जुड़ा है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। इस संबंध में विनय कुमार और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि जनपद में इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।