गौतमबुद्धनगर: ऑपरेशन कन्विक्शन की बड़ी सफलता: हत्या के प्रयास के दोषी को 3 साल 8 माह की सजा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत एक और बड़ी सफलता सामने आई है। थाना सेक्टर-39 पुलिस, मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन इकाई की सशक्त पैरवी के चलते हत्या के प्रयास के एक आरोपी को अदालत ने दोषी करार देते हुए सख्त सजा सुनाई है।
दिनांक 06 अप्रैल 2026 को माननीय न्यायालय ने थाना सेक्टर-39 में पंजीकृत मुकदमा संख्या 511/2022 (धारा 307/34 भादवि) में आरोपी आकाश पुत्र भूरे सिंह को दोषी ठहराते हुए 3 वर्ष 8 माह के सश्रम कारावास और 2,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
इसी मामले से जुड़े एक अन्य मुकदमे (मु0अ0सं0-513/2022, धारा 25/27 आर्म्स एक्ट) में भी आरोपी को 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 1,000 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। अदालत ने स्पष्ट किया कि अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में आरोपी को 10 दिन का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
पुलिस के अनुसार, यह सफलता मजबूत साक्ष्य, त्वरित विवेचना और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी का परिणाम है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई और मजबूत पैरवी आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और दोषियों को समयबद्ध सजा दिलाई जा सके।।
