गौतमबुद्धनगर: नोएडा में प्रशासन सख्त: सेक्टरों में फुट मार्च, श्रमिकों से संवाद कर बहाल कराई शांति व्यवस्था!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। औद्योगिक क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और श्रमिकों के बीच विश्वास कायम करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। विभिन्न सेक्टरों में अधिकारियों द्वारा फुट मार्च, संवाद और जागरूकता अभियानों के जरिए हालात को सामान्य बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।
इसी क्रम में एडीएम फाइनेंस एंड रेवेन्यू (ADM FR) द्वारा नयागांव इलाबास, सेक्टर-84 स्थित लेबर कॉलोनी में फुट मार्च किया गया। इस दौरान श्रमिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई। प्रशासन की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ।
वहीं एडीएम लैंड एक्विजिशन (ADM LA) ने सेक्टर-63 में श्रमिकों को सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। अधिकारियों ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संवाद के बाद श्रमिकों ने शांतिपूर्वक अपने कार्य पर लौटना शुरू किया।
इसके अलावा प्रशासनिक टीम ने सेक्टर-81 एवं डिक्सन इंडस्ट्री में भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक हस्तक्षेप कर शांति व्यवस्था बहाल कराई। अधिकारियों की सक्रियता से औद्योगिक इकाइयों में कामकाज फिर से पटरी पर लौटता दिखाई दिया।
डिप्टी कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा बनाए गए श्रम कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और उनके अधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
उधर एसडीएम दादरी ने सेक्टर-84 में श्रमिकों से शांतिपूर्वक कार्य शुरू करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन हर स्तर पर श्रमिकों की सेवा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए तत्पर है। साथ ही संबंधित कंपनियों को निर्देश दिए गए कि सरकार द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों को कंपनी परिसर के बाहर स्पष्ट रूप से चस्पा किया जाए, ताकि श्रमिकों को पूरी जानकारी मिल सके।प्रशासन के इस समन्वित प्रयास का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। श्रमिकों और उद्योग प्रबंधन के बीच संवाद स्थापित होने से माहौल धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है और औद्योगिक गतिविधियां फिर से गति पकड़ रही हैं।
