शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: पीसीएस अधिकारी बनी मानसी बैसोया का भव्य सम्मान, गांव बरौला में खुशी की लहर — भाकियू लोकशक्ति ने किया अभिनंदन !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पीसीएस अधिकारी बनी मानसी बैसोया का भव्य सम्मान, गांव बरौला में खुशी की लहर — भाकियू लोकशक्ति ने किया अभिनंदन !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा:
भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के कार्यकर्ताओं द्वारा आज गांव बरौला में किसान परिवार की बेटी मानसी बैसोया के पीसीएस अधिकारी बनने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मानसी को साफा व शॉल ओढ़ाकर, गुलदस्ता भेंट कर तथा फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में गांव और क्षेत्र के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और हर किसी के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ दिखाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि मानसी बैसोया की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और मानसी ने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। बीसी प्रधान ने युवाओं से आह्वान किया कि वे मानसी से प्रेरणा लेकर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की ओर आगे बढ़ें, जिससे समाज और देश मजबूत बने।

उन्होंने आगे कहा कि किसान परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा में पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन मानसी ने अपने संघर्ष और समर्पण से यह कर दिखाया है। यह उपलब्धि ग्रामीण परिवेश के बच्चों के लिए एक मिसाल है।

मानसी के पारिवारिक पृष्ठभूमि की चर्चा करते हुए बताया गया कि उनके दादा स्वर्गीय चंद्रभान सिंह एसपी पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जिनसे प्रेरणा लेकर मानसी ने प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना देखा। वहीं उनके पिता टीटू बैसोया पशुपालन का कार्य करते हैं और उन्होंने अपनी बेटी को हर कदम पर पूरा सहयोग दिया। मानसी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने कड़ी मेहनत व लगन से यह मुकाम हासिल किया।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर ने भी मानसी को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे समाज के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और अवसर मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं। सरकार भी लगातार बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रयासरत है, और मानसी जैसी बेटियां इन प्रयासों को सार्थक कर रही हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें।

मानसी के पिता टीटू बैसोया ने बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि वह शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती थीं और अब भी आगे की तैयारी जारी है। हाल ही में वह लखनऊ से परीक्षा देकर घर लौटी हैं। गांव के लोगों ने भी इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि मानसी की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर मानसी को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान प्रमुख रूप से ओमप्रकाश गुर्जर (परिवहन मंत्री), धर्मवीर सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष महेश तंवर, डॉ. रोहतास, युवा अध्यक्ष राजकुमार मोनू, बबलू यादव, हरेंद्र बैसोया, हरि अवाना, सुधीर ठाकुर, अरुण गौतम, अंकुर कश्यप, मनोज शर्मा, सुनील अंबावता, दीपक कुमार, नरेंद्र पाल, अतुल तिवारी, संजय दादा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।।