शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द, 15 दिन में समाधान नहीं हुआ तो होगा धरना प्रदर्शन: राघवेंद्र दुबे

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द, 15 दिन में समाधान नहीं हुआ तो होगा धरना प्रदर्शन: राघवेंद्र दुबे

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// नोएडा,
नोएडा, ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7, सेक्टर-82 में स्मार्ट मीटर से जुड़ी लगातार आ रही समस्याओं को लेकर आरडब्ल्यूए द्वारा एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में स्मार्ट मीटर से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निवासियों की शिकायतें सुनीं और उन्हें दर्ज किया, लेकिन मौके पर किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सका, जिससे लोगों में नाराजगी बनी रही।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने कैंप के दौरान बताया कि स्मार्ट मीटर अब लोगों के लिए “गले का फंदा” बन गया है। उन्होंने कहा कि कई फ्लैट्स में भारी भुगतान के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो रही है। फ्लैट नंबर 1/1 में पिछले तीन दिनों से बिजली कटी हुई है, जहां छोटे-छोटे बच्चे हैं और परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा 18/10, 4/4, 12/1, 28/12 सहित कई फ्लैट्स ऐसे हैं जहां बिल जमा होने के बावजूद बिजली कनेक्शन नहीं जोड़ा गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ फ्लैट्स में एक ही जगह दो-दो स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं, जो कंपनी की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। दुबे के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी ने बिना उचित प्रक्रिया और सहमति के कार्य किया है। पहले मीटर लगाने से पहले उपभोक्ता के मोबाइल पर पासवर्ड आता था, लेकिन बाद में कथित रूप से फर्जी मोबाइल नंबर डालकर बिना जानकारी के मीटर इंस्टॉल कर दिए गए।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने विद्युत विभाग पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग द्वारा कंपनी की सही तरीके से मॉनिटरिंग नहीं की जा रही है। कई उपभोक्ताओं को मीटर की सीलिंग रिपोर्ट तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच कर दोषी कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।

कैंप में केवल शिकायतें दर्ज करने तक ही प्रक्रिया सीमित रही। मौके पर जेई स्मार्ट मीटर नवीन कुमार एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे, लेकिन कोई वरिष्ठ अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हो पाया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर सक्षम अधिकारी मौके पर आते तो कई समस्याओं का तुरंत निस्तारण हो सकता था।

राघवेंद्र दुबे ने बताया कि उन्हें देर रात तक लोगों के फोन आते रहते हैं कि उनकी बिजली काट दी गई है। वहीं शिकायत दर्ज कराने के लिए जारी 1912 हेल्पलाइन नंबर अक्सर व्यस्त रहता है या कॉल रिसीव नहीं होती। साथ ही विभागीय अधिकारी भी फोन नहीं उठाते, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्युत विभाग 15 दिनों के भीतर अपनी व्यवस्था में सुधार नहीं करता है और समस्याओं का समाधान नहीं करता, तो आरडब्ल्यूए के नेतृत्व में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस मौके पर सुशील पाल, उत्तम चंद्रा, विकास कुमार, सुभाष शर्मा, विष्णु शर्मा सहित कई स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।