शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: भाकियू में पवन खटाना को बड़ी जिम्मेदारी, बिरोडी गांव में हुआ भव्य स्वागत; पंचायत में उठी मूलभूत समस्याओं की गूंज!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: भाकियू में पवन खटाना को बड़ी जिम्मेदारी, बिरोडी गांव में हुआ भव्य स्वागत; पंचायत में उठी मूलभूत समस्याओं की गूंज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। बिरोडी गांव में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नवनियुक्त राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता भाई पवन खटाना के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर गांव के निवासी परविंदर मावी ने अपने आवास पर फूल-मालाओं व पगड़ी पहनाकर उनका जोरदार अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान-मजदूर व ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पंचायत की अध्यक्षता राजपाल मावी ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर और सुनील प्रधान (मीडिया प्रभारी) ने संयुक्त रूप से किया। पंचायत में ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बारात घर की बाउंड्री गिरी हुई है, बिजली के बिल अनाप-शनाप आ रहे हैं, श्मशान घाट की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है और पानी निकासी का कोई स्थायी समाधान नहीं है। टूटी सड़कों ने आवागमन को मुश्किल बना दिया है। सबसे बड़ा मुद्दा गांव की आबादियों का निस्तारण न होना बताया गया, जिससे लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मौके पर पवन खटाना ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भाकियू किसानों और ग्रामीणों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इन सभी मुद्दों को लेकर संबंधित प्राधिकरण का घेराव किया जाएगा और समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गौतमबुद्ध नगर में पंचायत व्यवस्था समाप्त होने से गांवों का अस्तित्व प्रभावित हुआ है और जनप्रतिनिधि न होने के कारण विकास कार्य बाधित हैं।

कार्यक्रम में सुनील प्रधान (मीडिया प्रभारी) ने संगठन की नीतियों और किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं युवा जिला अध्यक्ष ललित चौहान ने युवाओं को संगठन से जोड़ने और गांव-गांव में जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस दौरान अनित कसना, ओमबीर प्रधान, अजीत अधाना, गजेंद्र चौधरी, लाला यादव, अमित डेढा, सुंदर पवन नागर, अमित सचिन, अजीत जोगिंदर, बेगराज प्रधान, जगत प्रधान, संदीप खटाना, अरविंद लोहिया, धर्मपाल स्वामी, मटरू नागर, भरत अवाना, सुरेंद्र मावी, अमित जैलदार, सूबे राम मास्टर, नागेश चपराना, प्रिंस गैराठी, प्रकाश फौजी, राकेश चौधरी, वीरू नागर समेत सैकड़ों किसान-मजदूर उपस्थित रहे।

पंचायत के माध्यम से ग्रामीणों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम ने साफ संकेत दिया कि गांवों की मूलभूत समस्याओं को लेकर अब किसान संगठन निर्णायक रणनीति अपनाने की तैयारी में हैं।।