गौतमबुद्धनगर: यूपीपीसीएस में सफलता पर मानसी बेसोया का भव्य सम्मान, समाज और जिले का बढ़ाया मान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, बरोला।
दो टूक// नोएडा के बरोला क्षेत्र में उस समय उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला, जब स्थानीय निवासी मानसी बेसोया ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, समाज और पूरे जिले का नाम रोशन किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान मानसी बेसोया को पुष्प गुच्छ, शॉल एवं पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने उनकी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए इसे युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।
महासभा के संरक्षक एवं पूर्व चेयरमैन खादी ग्राम उद्योग डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि मानसी का परिवार पहले से ही देश सेवा की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा रहा है। उनके दादा स्व. चंद्रभान बेसोया बीएसएफ में डीसीपी पद पर रहते हुए देश की सेवा कर चुके हैं। अब मानसी भी उसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देंगी। उन्होंने इस उपलब्धि पर पूरे परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता समाज के लिए गर्व का विषय है।
गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि मानसी बेसोया की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले और समाज के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में इस प्रकार की सफलता हासिल करना अत्यंत कठिन है, और मानसी ने अपने परिश्रम व दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल कर यह साबित कर दिया है कि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
अशोक भाटी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानसी की सफलता से प्रेरणा लेकर उन्हें भी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए, ताकि समाज और देश को योग्य नेतृत्व मिल सके। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को हर संभव सहयोग और मंच प्रदान किया जाएगा।
समाजसेवी एवं किसान नेता बीसी प्रधान ने भी इस अवसर पर मानसी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना वास्तव में सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मानसी जैसी प्रतिभाएं यह साबित करती हैं कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो सफलता निश्चित है। बीसी प्रधान ने युवाओं से आह्वान किया कि वे मेहनत और अनुशासन को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, तभी समाज सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकेगा।
महासभा द्वारा यह भी घोषणा की गई कि आने वाले समय में यूपीपीसीएस, पीसीएस, आईएएस एवं आईपीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयनित समाज के मेधावी छात्रों के सम्मान में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिससे अन्य युवाओं को भी प्रोत्साहन मिल सके।
इस अवसर पर डॉ. यशवीर सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, जलकेश बाबूजी, सुभाष नेताजी, मास्टर भूपेंद्र कसाना, चरण सिंह भाटी, एडवोकेट धर्मवीर सिंह, ब्रह्मपाल सिंह बेसोया, बीसी प्रधान, टीटू बेसोया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मानसी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुल मिलाकर, मानसी बेसोया की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरी है।।
