मंगलवार, 14 अप्रैल 2026

गोण्डा- अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

शेयर करें:
गोण्डा- अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा शहीद अग्निशमन कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत रैली, जागरूकता अभियान एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति सचेत एवं जागरूक किया गया। उल्लेखनीय है कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर हुए भीषण अग्निकांड में 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन वीर अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में प्रति वर्ष 14 अप्रैल को “अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस” तथा 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “अग्नि सुरक्षा सप्ताह” मनाया जाता है, ताकि आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
इसी क्रम में गोण्डा एसपी विनीत जायसवाल के निर्देशन में अग्निशमन केंद्र गोण्डा पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में "अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समस्त अग्निशमन कर्मियों द्वारा शहीद अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं बलिदान को नमन करते हुए 02 मिनट का मौन धारण किया गया। तत्पश्चात मुख्य अग्निशमन अधिकारी रविन्द्र शंकर मिश्र द्वारा समस्त अग्निशमन कर्मियों को “अग्नि सुरक्षा” की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें कर्तव्य के प्रति सदैव सजग, सतर्क एवं तत्पर रहने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग द्वारा अग्निकांड की घटनाओं से बचाव, प्रारंभिक अग्निशमन उपाय, गैस सिलेंडर, विद्युत उपकरणों एवं ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित उपयोग आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त अग्निशमन कर्मियों द्वारा अग्निशमन उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर आदि) के उपयोग का सजीव प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को आग लगने की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में जागरूक किया गया। आमजन को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल फायर सर्विस को सूचित करें एवं घबराए बिना सूझबूझ के साथ कार्य करें। अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किए जाने हेतु निर्देशित किया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
इसी क्रम में पुलिस लाइन गोण्डा स्थित क्वार्टर गार्ड पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा पुलिस अधीक्षक को अग्निशमन दिवस फ्लैग लगाया गया तथा अग्निशमन सेवा के शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।