मंगलवार, 14 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण पर किसानों का शांतिपूर्ण धरना 16 अप्रैल को, महापंचायत की तैयारी तेज — पवन खटाना!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा प्राधिकरण पर किसानों का शांतिपूर्ण धरना 16 अप्रैल को, महापंचायत की तैयारी तेज — पवन खटाना!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा | भारतीय किसान यूनियन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 16 अप्रैल को नोएडा प्राधिकरण पर प्रस्तावित महापंचायत और शांतिपूर्ण धरने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा स्थित अंसल हाउसिंग कैंप कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता सुरेंद्र नागर ने की, जबकि संचालन सुनील प्रधान द्वारा किया गया।

बैठक की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित सभी किसान कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए उनके संघर्षों और संविधान निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि बाबा साहब ने देश को जो संविधान दिया, उसी के बल पर आज किसान अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को होने वाली महापंचायत को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। विभिन्न क्षेत्रों से किसानों को ट्रैक्टरों के माध्यम से निर्धारित रूट के जरिए अनुशासित ढंग से नोएडा प्राधिकरण तक पहुंचने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा, लेकिन यह पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।

संगठन की मजबूती में सक्रिय भूमिका
इस दौरान संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता मटरू नागर की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने किसानों को एकजुट करने और आंदोलन को मजबूती देने में अहम योगदान दिया है।

मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके कुशल संचालन और मीडिया समन्वय के चलते किसान आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है।

वहीं युवा अध्यक्ष ललित चौहान ने युवाओं को संगठन से जोड़ने और उन्हें आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। उनकी अगुवाई में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता महापंचायत की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

बैठक में राजीव मलिक, अमित, अजीत अधाना, लाल यादव, योगेश भाटी, बेली भाटी, राजमल, रॉबिन नागर, पवन नागर, संदीप एडवोकेट, नागेश सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किसानों में महापंचायत को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और सभी कार्यकर्ता इसे सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।।