शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: डीएनडी बॉर्डर पर सपा को रोकने से बढ़ा सियासी तापमान: नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे समेत प्रतिनिधिमंडल हिरासत में, सड़क पर प्रदर्शन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: डीएनडी बॉर्डर पर सपा को रोकने से बढ़ा सियासी तापमान: नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे समेत प्रतिनिधिमंडल हिरासत में, सड़क पर प्रदर्शन!!

 !वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। वेतन वृद्धि को लेकर हाल ही में हुए श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन के बाद नोएडा का माहौल अब पूरी तरह सियासी रंग ले चुका है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) का एक प्रतिनिधिमंडल श्रमिकों और उनके परिवारों से मुलाकात करने के लिए नोएडा पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उन्हें शहर में प्रवेश से पहले ही डीएनडी बॉर्डर पर रोक दिया।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे कर रहे थे। उनके साथ सपा नेता अतुल प्रधान सहित चार विधायक और कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, यह प्रतिनिधिमंडल हालिया हिंसा और श्रमिक विवाद से प्रभावित परिवारों से मिलने जा रहा था।

जैसे ही सपा नेताओं का काफिला डीएनडी फ्लाईओवर पर पहुंचा, नोएडा पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज सपा कार्यकर्ता और नेता सड़क पर ही बैठ गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते डीएनडी बॉर्डर पर प्रदर्शन का माहौल बन गया।

स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

गौरतलब है कि नोएडा में पिछले दिनों वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन हिंसक हो गया था, जिसमें तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद से प्रशासन लगातार सतर्क है और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद नोएडा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सपा ने इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।

फिलहाल, श्रमिक मुद्दे पर बढ़ती सियासी हलचल के बीच नोएडा का माहौल संवेदनशील बना हुआ है और आगे की स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।।