गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में “नारी शक्ति वंदन” पर विशेष प्रेस वार्ता, महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने को बताया ऐतिहासिक कदम!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 17 अप्रैल 2026:
“सशक्त नारी, सशक्त भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए “नारी शक्ति वंदन अभियान” के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की प्रभावी एवं प्रतिष्ठित महिलाओं ने भाग लेकर “नारी शक्ति वंदन” विषय पर अपने विचार, अनुभव और सुझाव साझा किए।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए 1980 बैच की सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी निवेदिता पी. हरन, आईबीए एसोसिएशन की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. खुशबू सिंह, एडवोकेट कविता नागर, लोकल कंप्लायंस कमेटी की सदस्य माला भंडारी तथा वेदिका फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. सपना ने महिला सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने महिलाओं की बढ़ती भूमिका, उनके अधिकारों और समाज में उनकी भागीदारी को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान वक्ताओं ने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023” को भारत में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिसमें अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए उप-आरक्षण भी शामिल है। हालांकि यह व्यवस्था जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लागू होगी।
वक्ताओं का कहना था कि इस कानून का उद्देश्य महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाना और निर्णय लेने की प्रक्रिया में लैंगिक संतुलन सुनिश्चित करना है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था अधिक समावेशी और प्रतिनिधिक बनेगी, साथ ही नीति निर्माण में महिलाओं के दृष्टिकोण को मजबूत स्थान मिलेगा।
कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि “नारी शक्ति वंदन अभियान” और इस अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाकर देश के लोकतांत्रिक ढांचे को और अधिक संतुलित और मजबूत बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहल नारी सशक्तिकरण को नई गति देने के साथ “सशक्त नारी, सशक्त भारत” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वी.एस., ओएसडी अर्चना द्विवेदी, गुंजा सिंह तथा उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा सहित कई अधिकारीगण भी मौजूद रहे।।
