गौतमबुद्धनगर: नोएडा के विकास कार्यों पर बड़ी समीक्षा बैठक: विधायक पंकज सिंह सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध काम पूरा करने के निर्देश!!
नोएडा, 01 अप्रैल 2026।
दो टूक//नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (नोएडा अथॉरिटी) के विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को सेक्टर-27 क्लब में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने की। इस दौरान प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में शहर के अलग-अलग सेक्टरों और गांवों से जुड़ी समस्याओं, लंबित परियोजनाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, सतीश पाल, महाप्रबंधक सिविल, जल एवं विद्युत यांत्रिकी विभाग के अधिकारी, उद्यान विभाग के निदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही फोनरवा और डीडीआरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने भी जनता की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।
2022 से अब तक के कार्यों का लेखा-जोखा, सैकड़ों प्रोजेक्ट्स पर चर्चा
समीक्षा के दौरान वर्ष 2022 से अब तक किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 258 विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि कई कार्य प्रगति पर हैं और 100 से अधिक नए कार्य प्रस्तावित हैं। ग्राम चौपालों और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से प्राप्त 51 मांगों में से 11 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि अन्य मांगों पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
करीब ₹555 करोड़ से अधिक लागत वाले 77 बड़े प्रोजेक्ट्स और ₹10 करोड़ से अधिक लागत वाले 52 कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकांश परियोजनाएं निविदा प्रक्रिया में हैं, जबकि कुछ स्वीकृति के चरण में हैं। विधायक ने इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
शहर की मूलभूत समस्याओं पर फोकस, सेक्टरवार दिए निर्देश
बैठक में सेक्टर-वार समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया। विधायक ने सेक्टर-40 में निर्माणाधीन नाले को जल्द पूरा करने, सेक्टर-31 में नालों को कवर करने और सेक्टर-20 में शौचालय निर्माण, पार्किंग व्यवस्था सुधार, पार्कों के विकास और ओपन जिम लगाने के निर्देश दिए।
सेक्टर-43 में बाउंड्रीवाल निर्माण, सफाई व्यवस्था को बेहतर करने और पार्कों में झूले, जिम व डस्टबिन लगाने पर जोर दिया गया। सेक्टर-19 में सड़कों की मरम्मत, सीवर लाइन सुधार, आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान और बड़े पेड़ों की ट्रिमिंग के निर्देश दिए गए।
जलभराव, सीवर और वेंडिंग जोन पर सख्ती
सेक्टर-31 सी-ब्लॉक में जलभराव और यूजीआर की सफाई, सेक्टर-11 और 12 में वेंडिंग जोन से जुड़े मामलों, तथा सेक्टर-51 में कम्युनिटी सेंटर, नॉइज बैरियर और सीवरेज समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सेक्टर-21 और 25 में सड़कों के सुदृढ़ीकरण तथा सेक्टर-50 में फुटओवर ब्रिज निर्माण को भी प्राथमिकता में रखा गया।
गांवों और सार्वजनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान
ग्राम सदरपुर में जल निकासी व्यवस्था सुधारने, निठारी और मोरना के बारात घरों की समस्याओं को दूर करने तथा अट्टा बारात घर के विस्तार के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही बीओटी के तहत बने शौचालयों के रखरखाव को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
ठेकेदारों पर सख्ती, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर
विधायक पंकज सिंह ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि ड्रेन कवर या अन्य कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित ठेकेदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
सभी कार्यस्थलों पर सूचना बोर्ड लगाने, प्रगति दर्शाने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जनसुविधा और सुरक्षा के लिए नई पहल
सभी गांवों में गली नंबर के साइन बोर्ड लगाने और प्रमुख संपर्क नंबर (महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, सिविल, जल, उद्यान आदि) प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
पर्यावरण सुधार के लिए एसटीपी योजना पर काम
बैठक में यह भी बताया गया कि नोएडा के पांच प्रमुख नालों के जल शोधन के लिए एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
समयसीमा तय, अधिकारियों को दी अंतिम चेतावनी
बैठक के अंत में विधायक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूर्ण कर उनकी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने साफ कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।।
