गौतमबुद्धनगर: जेवर एयरपोर्ट विस्तार: 14 गांवों के किसानों को प्रतिकर देने की प्रक्रिया तेज, 3 अप्रैल से गांव-गांव लगेंगे विशेष कैंप!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!डीएम की अध्यक्षता में अहम बैठक, पारदर्शिता और तेजी से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश
गौतमबुद्धनगर, 01 अप्रैल 2026
दो टूक// नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के विस्तारीकरण (फेज-2 व फेज-3) के लिए भूमि अर्जन से प्रभावित किसानों को प्रतिकर वितरण की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसानों को बिना किसी असुविधा के शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जेवर तहसील के 14 गांवों की कुल 1838.4176 हेक्टेयर अर्जित एवं अधिनिर्णीत भूमि के प्रतिकर वितरण के लिए 03 अप्रैल 2026 से प्रत्येक गांव में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से प्रभावित किसानों से प्रतिकर से जुड़े प्रपत्र भरवाए जाएंगे और मौके पर ही पत्रावलियां तैयार कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि हर गांव के लिए राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और अमीन की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। तहसीलदार, जेवर को सभी कैंपों का प्रभारी नियुक्त करते हुए कहा गया कि वे नायब तहसीलदार के साथ रोजाना गांवों का निरीक्षण करेंगे और तैयार पत्रावलियों का सत्यापन कर उन्हें अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) कार्यालय को भेजेंगे।
प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 03 अप्रैल से ग्राम थोरा, बंकापुर, नीमका शाहजहांपुर, अहमदपुर चौरोली, ख्वाजपुर, रामनेर, किशोरपुर, बनवारीबांस, पारोही, रोही, मुकीमपुर शिवारा, जेवर बांगर, साबोता मुस्तफाबाद और दयानतपुर में चिन्हित स्थलों—जैसे प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन और डॉ. अंबेडकर भवन—में कैंप लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने गांव में लगने वाले कैंपों में पहुंचकर प्रतिकर से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि भुगतान की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और शीघ्र बनाना है, जिससे किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।
