सोमवार, 27 अप्रैल 2026

गोंडा- 'गो सम्मान आह्वान अभियान' के तहत विश्व हिंदू महासंघ (गौरक्षा प्रकोष्ठ) ने मांगों को लेकर भारी हुंकार, दिया ज्ञापन

शेयर करें:
गोंडा- जिले में गौवंश के संरक्षण और उनके सम्मान को लेकर एक बड़ा जन-अभियान देखने को मिला। 'गो सम्मान आह्वान अभियान' के तहत विश्व हिंदू महासंघ (गौरक्षा प्रकोष्ठ) ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी। मनकापुर तहसील में कार्यकर्ताओं के जमावड़े के बीच प्रशासन को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया, जिसका उद्देश्य देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे नीति-निर्धारकों तक अपनी बात पहुँचाना था। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात इसकी सांकेतिक शुरुआत रही। प्रदेश मंत्री शांति भूषण त्रिपाठी के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने 6 माह के बालक अविर्भव त्रिपाठी के हाथों तहसीलदार को ज्ञापन दिलवाया। यह दृश्य इस बात का प्रतीक बना कि गौ-संरक्षण की यह भावना भावी पीढ़ी में भी रोपी जा रही है। ​शांति भूषण त्रिपाठी ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम केवल एक जिले तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे भारत की प्रत्येक तहसील में सुबह 11 बजे एक साथ ज्ञापन देने का लक्ष्य रखा गया था।
​ज्ञापन सौंपने से पहले बड़े स्तर पर हस्ताक्षर अभियान और मिस्ड कॉल अभियान चलाया गया था। जनभावनाओं को दर्शाने के लिए हस्ताक्षरों की प्रतियों को भी आधिकारिक ज्ञापन के साथ संलग्न किया गया है। ​मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेजे गए इस पत्र में मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर जोर दिया गया है।
​गाय को 'राष्ट्रमाता' घोषित किया जाए और इसके लिए एक समर्पित गौ मंत्रालय का गठन हो। ​संपूर्ण भारतवर्ष में गौहत्या पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। गौ-तस्करी में लिप्त अपराधियों पर कठोरतम धाराओं के तहत कार्रवाई हो और गौ-वंश के विकास के लिए विशेष कानून बने। ​​इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों और संगठन के पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें मुख्य रूप से विद्या प्रसाद शुक्ला, शिवकुमार तिवारी, कृष्ण मोहन, रामकृपाल गिरी, सुनीत शुक्ला, सुभाष उपाध्याय और देवी प्रसाद शुक्ला आदि शामिल रहे। इनके साथ ही डॉ. मुस्कान, पुष्पा माताजी, दिनेश कुमार पांडे, प्रधानाचार्य राम हौंसला शर्मा और सर्वेश भट्ट सहित अनेक गौ-भक्तों ने इस अभियान को अपना समर्थन दिया।