गौतमबुद्धनगर: अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, जारचा पुलिस की कार्रवाई में तमंचा व कारतूस बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक// गौतमबुद्धनगर। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के तहत थाना जारचा पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से एक युवक को अवैध शस्त्र के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 21 अप्रैल 2026 को थाना जारचा पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान दयानगर-छांयसा मार्ग से आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शोएब पुत्र नूर मोहम्मद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त मूल रूप से ग्राम आलमपुर, थाना राजमहल, जिला साहिबगंज (झारखंड) का निवासी है और वर्तमान में बीसा कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात, जनपद बुलंदशहर में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है।
इस संबंध में थाना जारचा पर मु0अ0सं0 69/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अवैध हथियार कहां से लाया था और उसका इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।।
