गुरुवार, 2 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: हनुमान जन्मोत्सव पर यमुनेश्वर बालाजी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हनुमान जन्मोत्सव पर यमुनेश्वर बालाजी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सेक्टर-135 नगली बाजिदपुर के समीप स्थित सिद्धपीठ यमुनेश्वर बालाजी धाम में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर समिति के सदस्य राघवेंद्र दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि यमुनेश्वर बालाजी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान के साथ अभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया गया। इसके साथ ही हवन-यज्ञ का आयोजन कर समस्त क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की गई।

बालाजी धाम के महंत मुकेशानंद गिरी महाराज के सानिध्य में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ बुधवार को हुआ और बृहस्पतिवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। अखंड पाठ के उपरांत विधिवत आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर हनुमान जी महाराज का भव्य श्रृंगार कर उन्हें छप्पन भोग अर्पित किए गए, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारा देर शाम तक निरंतर चलता रहा।

महंत मुकेशानंद गिरी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी महाराज की सच्चे मन से आराधना करने वाले भक्त के लिए इस संसार में कुछ भी दुर्लभ नहीं है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी कलयुग के प्रत्यक्ष देवता हैं, जिनकी भक्ति से अष्ट सिद्धि, नवनिधि और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है। हनुमान जी की उपासना सभी कष्टों को दूर कर मनवांछित फल प्रदान करती है।

इस दौरान मनोज गोयल, बिजेंद्र चौहान, सुरेंद्र चौहान, सुशील पाल, सुशील कुमार, गुड्डू चौधरी, सुभाष शर्मा, उत्तम कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।।