गुरुवार, 2 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी सख्त: गैस सिलेंडर आपूर्ति में पारदर्शिता नहीं तो होगी कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी सख्त: गैस सिलेंडर आपूर्ति में पारदर्शिता नहीं तो होगी कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर, 02 अप्रैल 2026

दो टूक// जनपद में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न गैस कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं और व्यावसायिक संस्थाओं को निर्धारित नियमों के तहत ही गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

पीएनजी कनेक्शन में आ रही बाधाओं पर चिंता

बैठक के दौरान पीएनजी कनेक्शन की प्रगति की समीक्षा की गई। आईजीएल कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्रों में एनओसी न मिलने के कारण कई स्थानों पर पीएनजी कनेक्शन नहीं दिए जा पा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्राधिकरणों को पत्र लिखकर जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही, जहां कार्य के दौरान एजेंसियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वहां पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

 हर तहसील में सख्त निगरानी

जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में एसडीएम न्यायिक को प्रभारी नियुक्त करते हुए निर्देशित किया कि गैस वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी गैस की कालाबाजारी न हो और एजेंसियां शासनादेश के अनुरूप ही वितरण करें।

संयुक्त टीमों द्वारा लगातार अभियान

प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि जनपद में उपजिलाधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में खाद्य एवं रसद विभाग, बाट-माप विभाग और ऑयल कंपनियों की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इन अभियानों के माध्यम से एलपीजी एवं पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

 70% तक गैस आपूर्ति का प्रावधान

बैठक में यह भी बताया गया कि व्यावसायिक उपभोक्ताओं को उनके पिछले वित्तीय वर्ष की खपत के आधार पर लगभग 70 प्रतिशत तक वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
हालांकि यह सुविधा केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगी जिन्होंने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। इसके लिए उपभोक्ताओं को अपने पिछले वर्ष के उपयोग का विवरण और पीएनजी आवेदन का प्रमाण संबंधित गैस कंपनी को ईमेल के माध्यम से भेजना होगा।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

पीएनजी कनेक्शन से संबंधित जानकारी के लिए www.commerciallpg.in वेबसाइट पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही विभिन्न गैस कंपनियों के ईमेल पर भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु बनाया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।