गुरुवार, 16 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सनसनीखेज हत्या का खुलासा: समलैंगिक संबंधों के विवाद में महिला की चाकू से हत्या, आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सनसनीखेज हत्या का खुलासा: समलैंगिक संबंधों के विवाद में महिला की चाकू से हत्या, आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने ग्राम सर्फाबाद में हुई महिला की निर्मम हत्या का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

 क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के ग्राम सर्फाबाद में महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना सेक्टर-113 पर मुकदमा संख्या 135/2026, धारा 103(1) बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मौ० शफीक उर्फ जावेद पुत्र फतहेहार मोहम्मद उर्फ बुदुल को टिवोली फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।

 पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मृतका के पुत्र के साथ समलैंगिक संबंध थे, जिसे लेकर मृतका लगातार आपत्ति जताती थी। आरोपी मृतका के बेटे से संपर्क बनाए रखना चाहता था, इसलिए वह अपनी मौसी की लड़की की शादी मृतका के पुत्र से करवाना चाहता था, लेकिन मृतका फूलजहाँ इसके लिए तैयार नहीं थी।

बताया गया कि 15 अप्रैल 2026 को आरोपी इसी बात को लेकर मृतका के पास गया था, लेकिन मना करने पर वह आक्रोशित हो गया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

 आरोपी का विवरण

गिरफ्तार अभियुक्त मौ० शफीक उर्फ जावेद (उम्र 45 वर्ष) मूल रूप से कस्बा गाजीपुर, थाना गाजीपुर, जिला फतेहपुर का निवासी है। वर्तमान में वह ग्राम सर्फाबाद, सेक्टर-73 नोएडा में किराए के मकान में रह रहा था।

 बरामदगी

  • घटना में प्रयुक्त एक अवैध चाकू
  • मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन

 पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के खुलासे से क्षेत्र में फैली सनसनी के बीच पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।।