गुरुवार, 2 अप्रैल 2026

लखनऊ विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति पर भव्य भाषण प्रतियोगिता संपन्न; प्रदेश भर से आए छात्र प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा, गोण्डा के शिवम रहे मुख्य अतिथि

शेयर करें:
लखनऊ- लखनऊ विश्वविद्यालय के एमबीए मैनेजमेंट हॉल में आज 'नई शिक्षा नीति (NEP): नए भारत का संकल्प' विषय पर एक राज्यस्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उप्र के विभिन्न जिलों और विश्वविद्यालयों से आए कुल 60 डेलीगेट्स (छात्र प्रतिनिधियों) ने प्रतिभाग किया और अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय छात्र पंचायत के गोण्डा निवासी राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडे उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने नई शिक्षा नीति की बारीकियों और छात्रों के भविष्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की। अपने संबोधन में शिवम पांडे ने कहा की "नई शिक्षा नीति केवल एक शैक्षणिक बदलाव नहीं, बल्कि यह युवाओं को आत्मनिर्भर और कौशल-युक्त बनाने का एक महायज्ञ है। प्रदेश के हर छात्र तक इस नीति के लाभ और जानकारी पहुंचनी चाहिए।" उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी 60 डेलीगेट्स को जिम्मेदारी सौंपी कि वे अपने-अपने क्षेत्रों और संस्थानों में जाकर छात्रों को जागरूक करें और उन्हें इस नीति के अवसरों से जोड़ें। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने छात्रों को जमीनी स्तर पर शिक्षा सुधारों के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
आयोजन में प्रदेश भर से आए 60 चयनित छात्र प्रतिनिधियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य छात्रों के बीच संवाद क्षमता विकसित करना और शिक्षा नीति के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी डेलीगेट्स ने सामूहिक रूप से छात्र हितों और शैक्षिक जागरूकता के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कई छात्र नेता और गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।