बुधवार, 1 अप्रैल 2026

गौतमबुद्धनगर: त्रिवेदी कॉन्वेंट स्कूल में सजा भव्य वार्षिक महोत्सव, मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने बच्चों को दिया उज्ज्वल भविष्य का संदेश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: त्रिवेदी कॉन्वेंट स्कूल में सजा भव्य वार्षिक महोत्सव, मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने बच्चों को दिया उज्ज्वल भविष्य का संदेश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा, 1 अप्रैल 2026।
दो टूक// नोएडा सेक्टर-81 स्थित सलारपुर के त्रिवेदी कॉन्वेंट स्कूल में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित वार्षिक महोत्सव बेहद धूमधाम और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय किसान यूनियन, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से हरियाणवी और राजस्थानी संस्कृति की जीवंत झलक पेश की। देशभक्ति और धार्मिक झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं शिव-पार्वती की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों का भविष्य उनके आज के संस्कार और शिक्षा पर निर्भर करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल और ऑनलाइन गेमिंग की लत से दूर रखें तथा उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करें। अशोक भाटी ने समाज में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए जागरूक और संस्कारित पीढ़ी का होना अनिवार्य है। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में शिक्षा का एक उत्कृष्ट केंद्र बताया।

कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

विद्यालय के प्रबंधक अंकित त्रिवेदी ने वर्षभर की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय लगातार शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। वहीं कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए महिमा बंगारी, अध्यक्षता कर रहे राकेश त्रिवेदी, तथा प्रबंधक अतुल त्रिवेदी और समस्त स्टाफ की भी सराहना की गई।

इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी और जनप्रिय नेता अजय गुर्जर (नेताजी) की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। अजय गुर्जर लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हुए क्षेत्र के विकास और युवाओं के मार्गदर्शन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनकी सादगी और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें लोगों के बीच एक मजबूत और लोकप्रिय नेतृत्व के रूप में स्थापित करती है। कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने आयोजन को और गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम में सुभाष भाटी (नेताजी), झलकेश बाबूजी, चरण सिंह भाटी, इंद्रपाल सेंगर, दीपक भाटी, दिनेश गिरी, सौरभ मित्तल, मंतोष तिवारी, अरविंद गोंड, विष्णु माहौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में विद्यालय प्रबंधक अतुल त्रिवेदी एवं प्राचार्य धर्मेंद्र दुबे द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पमाला, पुष्पगुच्छ, पटका एवं पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। पूरे कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ।।