गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-39 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा और .315 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 अप्रैल 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सलारपुर स्थित गौशाला कट के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आदिल पुत्र यामीन, निवासी हाजीपुर, सेक्टर-104, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इस संबंध में थाना सेक्टर-39 में मु0अ0सं0 022/2025 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट व 317(5) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 142/2026 धारा 9/25(2) आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अभियुक्त इसे कहां से लाया और इसके पीछे उसका क्या मकसद था।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को अपराध पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
