गौतमबुद्धनगर: नोएडा में तेज रफ्तार कार का कहर: कई वाहनों को टक्कर मारकर चालक फरार, पीड़ितों ने दी लिखित शिकायत!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-98 के पास अंडरपास क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। जानकारी के अनुसार, UP16 CF0051 नंबर की टाटा हरियर कार के चालक ने पहले एक वाहन को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागने के दौरान आरोपी चालक ने रास्ते में कई अन्य गाड़ियों और बाइकों को भी टक्कर मार दी। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, वहीं कई गाड़ियां और बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना थाना सेक्टर-39 पुलिस को दे दी गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना है, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी चालक टक्कर मारने के बाद गांव सदरपुर की गलियों में घुसकर फरार हो गया। इस मामले में सभी पीड़ितों ने पुलिस को लिखित शिकायत भी दे दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।।
